लखनऊ 23 अप्रैल (आरएनएस )। ऋण दिलाने के नाम पर आम जनता से धन एकत्र कर हड़पने के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त मो. फराज उर्फ सनी राणा को आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने जनपद मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त की तलाश के क्रम में की गई। गिरफ्तार अभियुक्त कंपनी में निदेशक पद पर कार्यरत था और लोगों से धन एकत्र कराने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पाई गई है।प्रकरण के अनुसार, शताब्दी फिन कार्प प्रा. लि. कंपनी के संचालक, निदेशकगण एवं खाताधारकों द्वारा आम जनता को बैंकों से गृह ऋण, शिक्षा ऋण, कृषि ऋण तथा आयकर विवरणी के आधार पर ऋण दिलाने का झांसा दिया जाता था। इसके लिए आवेदकों से कंपनी के बैंक खातों में फाइल शुल्क, प्रक्रिया शुल्क तथा सेवा कर के नाम पर धन जमा कराया जाता था। आरोप है कि कंपनी द्वारा आवेदकों को ऋण स्वीकृत कराने के बजाय उनसे जमा कराए गए कुल 3,91,783 रुपये हड़प लिए गए और बाद में कंपनी का कार्यालय बंद कर आरोपी फरार हो गए। इस प्रकार कई लोगों को आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाया गया।इस संबंध में आर्थिक अपराध शाखा सेक्टर मेरठ थाना में मुकदमा संख्या 32/19 के तहत धारा 406, 420, 467, 468, 471 एवं 120बी भारतीय दंड संहिता तथा भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम 1934 की धारा 45 (1) ए के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में कुल चार अभियुक्तों की संलिप्तता सामने आई, जिन्हें दोषी पाया गया। इनमें से एक वांछित अभियुक्त मो. फराज उर्फ सनी राणा को 23 अप्रैल 2026 को पूर्वाह्न में जनपद मेरठ से गिरफ्तार कर लिया गया।जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त कंपनी के निदेशक के रूप में कार्यरत था और लोगों को ऋण दिलाने के नाम पर धन जमा कराने की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल था। उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे शेष फरार अभियुक्तों तक पहुंचने में मदद मिल सके।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. फराज उर्फ सनी राणा पुत्र मो. हसन, निवासी 112 विकास पुरी कालोनी, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। आर्थिक अपराध शाखा की टीम द्वारा की गई इस गिरफ्तारी को मामले में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस द्वारा शेष तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

