लखनऊ, 23 अप्रैल (आरएनएस )। नागरिक सुरक्षा नियंत्रण केंद्र में प्रखंड लोहिया नगर की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए चीफ वार्डन अमरनाथ मिश्रा ने सर्वप्रथम 15 अप्रैल 2026 को विकासनगर क्षेत्र में हुई आकस्मिक अग्निकांड दुर्घटना में अदम्य साहस और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करने वाले वार्डनों की सराहना की। उन्होंने दुर्घटना के दौरान जनमानस की सहायता करते हुए घायल हुए पोस्ट वार्डन ऋषि श्रीवास्तव (पोस्ट वार्डन-3) को विशेष रूप से पुरस्कृत किया।अग्निकांड के समय विशेष सहयोग प्रदान करने वाले वरिष्ठ वार्डन अधिकारियों एवं कर्मियों को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया। डिप्टी चीफ वार्डन गुरप्रीत सिंह सेठी, प्रखंड की सहायक उप नियंत्रक रेखा पांडे, डिविजनल वार्डन लोहिया नगर सुनील तिवारी, हजरतगंज के डिविजनल वार्डन आशीष कपूर, स्टाफ अधिकारी कमलेश सिंह, घटना नियंत्रण अधिकारी शोएब जली, आरक्षित पोस्ट वार्डन सौरभ अग्रवाल तथा सेक्टर वार्डन आमिर अब्बास सहित अन्य को लक्ष्मण पुरस्कार-2026 से नवाजा गया।प्रखंड की सहायक उप नियंत्रक रेखा पांडे ने सभी वार्डनों की बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण और लगन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। डिप्टी चीफ वार्डन गुरप्रीत सिंह सेठी ने प्रखंड के डिविजनल वार्डन सुनील तिवारी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए उनकी पूरी टीम को बधाई दी और उनकी नेतृत्व क्षमता को सराहनीय बताया।बैठक के दौरान चीफ वार्डन द्वारा प्रखंड के 15 वार्डनों को पदोन्नति आदेश भी प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त प्रखंड लोहिया नगर की ओर से 21 वार्डनों को अदम्य साहस सम्मान देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में डिविजनल वार्डन सुनील कुमार तिवारी एवं डिप्टी डिविजनल वार्डन डॉ. पंकज द्वारा चीफ वार्डन अमरनाथ मिश्रा, डिप्टी चीफ वार्डन गुरप्रीत सिंह सेठी, सहायक उप नियंत्रक रेखा पांडे, ऋषि कुमार तथा ममता को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर प्रखंड लोहिया नगर के सभी वार्डन उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

