लखनऊ 23 अप्रैल (आरएनएस )। इटौंजा क्षेत्र के सिरसा कमालपुर स्थित एक स्कूल में शेड निर्माण कार्य के दौरान एक मजदूर की छत से गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल अवस्था में मजदूर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 अप्रैल 2026 को थाना क्षेत्र में सूचना मिली कि सिरसा कमालपुर, इटौंजा, लखनऊ स्थित एक स्कूल में ठेकेदार आदिल सिद्दीकी निवासी अचरामऊ, थाना बीकेटी, लखनऊ द्वारा शेड निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। ठेकेदार पहले भी उक्त स्कूल में इसी प्रकार के निर्माण कार्य की देखरेख कर चुका था। निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार अपने साथ एक अन्य व्यक्ति को मजदूरी के लिए लेकर आया था, जो स्कूल की छत पर कार्य कर रहा था।बताया गया कि शाम लगभग 5 बजकर 20 मिनट पर कार्य के दौरान अचानक मजदूर का संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गया। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने घायल मजदूर को स्कूल के वाहन की सहायता से उपचार के लिए रामसागर मिश्र 100 शैय्या अस्पताल, साढामऊ, बीकेटी भेजा। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान दानिश पुत्र अतीक, निवासी अचरामऊ, थाना बीकेटी, लखनऊ के रूप में हुई है। मृतक की आयु लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिससे परिवार में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

