लखनऊ 23 अप्रैल (आरएनएस )। काकोरी थाना क्षेत्र के पलेहन्दा गांव के निकट एक युवक द्वारा आम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को थाना काकोरी में भीखालाल पुत्र स्वर्गीय छेदालाल, निवासी ग्राम पलेहन्दा, थाना काकोरी, लखनऊ द्वारा सूचना दी गई कि उनके दामाद राजेश पुत्र गनेश प्रसाद, निवासी निजामखेड़ा, थाना हसनगंज, जनपद उन्नाव, उम्र लगभग 38 वर्ष ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना प्राप्त होते ही थाना काकोरी पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।प्रारंभिक जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक राजेश ने ग्राम पलेहन्दा के निकट स्थित एक आम के पेड़ पर रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।पुलिस टीम द्वारा शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर शांति एवं कानून व्यवस्था पूर्णत: सामान्य है तथा किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

