लखनऊ 23 अप्रैल (आरएनएस )। काकोरी थाना क्षेत्र के ग्राम बहरु में एक व्यक्ति द्वारा नीम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को थाना काकोरी में साधना पुत्री स्वर्गीय सालिकराम, निवासी ग्राम बहरु, थाना काकोरी, लखनऊ द्वारा सूचना दी गई कि उनके पति रामबालक सैनी पुत्र मुन्नू, उम्र लगभग 44 वर्ष ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की।प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक रामबालक सैनी, निवासी ग्राम गौरा थाना आसीवन, जनपद उन्नाव, पिछले लगभग 14 वर्षों से अपनी ससुराल ग्राम बहरु, थाना काकोरी, लखनऊ में रह रहा था। बताया गया कि उसने गांव के निकट स्थित एक नीम के पेड़ पर बिजली के केबल का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।मृतक अपने पीछे दो छोटे पुत्रों को छोड़ गया है, जिनकी उम्र लगभग 5 वर्ष और 7 वर्ष बताई जा रही है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया गया तथा पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर शांति एवं कानून व्यवस्था पूर्णत: सामान्य है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

