लखनऊ 23 अप्रैल (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश विधान परिषद सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने वर्ष 2026 के लिए उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्वितीय सत्र को आहूत करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश संविधान के अनुच्छेद-174 के खंड द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किया गया है।जारी अधिसूचना के अनुसार उत्तर प्रदेश विधान परिषद का द्वितीय सत्र गुरुवार, दिनांक 30 अप्रैल 2026 को प्रात: 11 बजे से विधान भवन स्थित परिषद मण्डप, लखनऊ में प्रारम्भ होगा। इस संबंध में राज्यपाल द्वारा 20 अप्रैल 2026 को आदेश जारी किया गया, जिसे सर्वसाधारण की जानकारी के लिए प्रकाशित किया गया है।अधिसूचना में यह भी उल्लेख किया गया है कि सत्र के आयोजन को लेकर आवश्यक सूचनाएं संबंधित सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को प्रेषित कर दी गई हैं। इसके अंतर्गत मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, सभी मंत्रियों, राज्य मंत्रियों, विधान परिषद के सभापति, नेता सदन, नेता विरोधी दल तथा परिषद के समस्त सदस्यों को सूचनार्थ प्रति भेजी गई है, ताकि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर सत्र में भाग ले सकें।इसके अतिरिक्त मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन सहित राज्यपाल सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विधान परिषद के इस द्वितीय सत्र में विभिन्न शासकीय कार्यों, नीतिगत विषयों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

