गोरखपुर 23 अप्रैल (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद गोरखपुर में लगभग 379 करोड़ रुपये की लागत से बन रही राजघाट पुल से हरबत बंधा होते हुए डोमिनगढ़, माधोपुर बंधा, बसियाडीह मंदिर होते हुए महेसरा पुल तक निर्माणाधीन चार लेन सड़क तथा डोमिनगढ़ और जगतबेला के मध्य रेलवे लाइन पर 132 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन उपरिगामी सेतु का निरीक्षण किया।मुख्यमंत्री ने चार लेन सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाकर आगामी जून माह तक परियोजना को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि महेसरा पुल के पास एकत्र कचरे का निस्तारण कर वहां पर्यावरणीय उद्यान की तर्ज पर उद्यान का निर्माण कराया जाए। साथ ही, महेसरा के पास स्थित तालाब की गाद निकासी कर उसकी मिट्टी का उपयोग सड़क निर्माण में किए जाने के निर्देश भी दिए। इन मार्गों का निर्माण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और यातायात को सुगम बनाने की दृष्टि से किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने डोमिनगढ़ पुलिस चौकी के पास डोमिनगढ़ और जगतबेला के मध्य रेलवे लाइन पर बन रहे उपरिगामी सेतु के निर्माण कार्यों की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य शहरों की भांति गोरखपुर में भी अनेक विकास कार्य संचालित हो रहे हैं। डोमिनगढ़ और जगतबेला के मध्य रेलवे लाइन पर उपरिगामी सेतु का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी लंबाई 755 मीटर तथा लागत 132 करोड़ रुपये है। सड़क और पुल के निर्माण से जंगल कौडिय़ा, घुनघुन कोठा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लखनऊ, वाराणसी सहित अन्य शहरों में आवागमन में सुगमता होगी।इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

