मीरजापुर 23 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के ड्रमंडगंज घाटी में हुए हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। बुधवार रात करीब 8 बजे मिर्जापुर-रीवा रोड स्थित ड्रमंडगंज घाटी में ट्रक और बोलेरो, कार की भीषण टक्कर में 11 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में अधिकांश छानबे विधानसभा के जिगना क्षेत्र के बताए जा रहे हैं, जिससे इलाके में शोक की लहर व्याप्त है। हादसे के बाद छानवे विधानसभा क्षेत्र की विधायका रिंकी कोल की गैरमौजूदगी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि न तो वह घटनास्थल पर पहुंचीं और न ही मृतक परिवारों से मिलने गईं। बताया जा रहा है कि कुछ पीडि़त परिवार उनके आवास पर भी पहुंचे, लेकिन वहां भी उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। इसी बीच गुरुवार को अपना दल एस की विधायक रिंकी कोल भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पहुंचीं। जहां उन्होंने मिर्जापुर के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए केक खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय लोगों और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि इतने बड़े हादसे के बाद जनप्रतिनिधियों से संवेदनशीलता और पीडि़तों के प्रति सहानुभूति की अपेक्षा की जाती है लेकिन यहां प्राथमिकताएं कुछ और ही नजर आ रही हैं। हमारे उप्र के भाजपा मंत्री और उनकी सहयोगी दल के विधायक से क्या उम्मीद की जा सकती है। एक तरफ हमारे देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने इस हृदय विदारक घटना पर संवेदना व्यक्त कर रहे है। वहीं मीरजापुर के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नन्दी अपने जन्मदिन पर अष्टभुजा सर्किट हाउस में केक काटते हुए नजर आए। इतना ही नहीं प्रभारी मंत्री के साथ छानवे विधायक, मझवा विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष प्रभारी मंत्री को केक खिलाने में मस्त दिखाई दिये। फिलहाल प्रशासन द्वारा राहत एवं सहायता कार्य जारी होने की बात कही जा रही है, वहीं इस पूरे मामले ने जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली और संवेदनशीलता पर चट्टी चौराहे पर बहस छेड़ दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

