प्रयागराज 23 अप्रैल (आरएनएस)। विश्व पुस्तक दिवस 23 अप्रैल के अवसर पर बुकवाला, प्रयागराज द्वारा सैम हिगिनबॉटम कृषि, प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय में द्वि- दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी- सह- विक्रय मेले का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन ज्ञान, पठन संस्कृति और बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रो. (डॉ.) बिस्वासरूप मेहरा, प्रो-वाईस चांसलर (प्रशासन) द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) रितु प्रकाश दुबे, प्रो-वाईस चांसलर (पीएमडी) एवं अध्यक्ष, पुस्तकालय सलाहकार समिति; प्रो. (डॉ.) नीरू बाला तथा प्रो. (डॉ.) दीपक कुमार बोस सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में प्रो. (डॉ.) बिस्वासरूप मेहरा ने पुस्तकों को व्यक्ति के सर्वांगीण विकास की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित पठन की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वयं प्रदर्शनी से पुस्तकें खरीदकर छात्रों को पढऩे के लिए उत्साहित किया। वहीं, प्रो. (डॉ.) रितु प्रकाश दुबे ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि पाठ्यक्रम से इतर पुस्तकों का अध्ययन विद्यार्थियों में नवाचार, तार्किक सोच एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देता है।
इस पुस्तक मेले में शैक्षणिक, प्रतियोगी परीक्षाओं, प्रेरणादायक साहित्य, सामान्य ज्ञान एवं विभिन्न विषयों से संबंधित पुस्तकों का व्यापक संग्रह प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुस्तकालयाध्यक्ष क्रिस्टोफर सुधीर जॉर्ज ने बताया कि विश्व पुस्तक एवं कॉपीराइट दिवस, जिसे यूनेस्को के तत्वावधान में मनाया जाता है, का उद्देश्य पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा बौद्धिक संपदा के प्रति जागरूकता फैलाना है।
मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने बताया कि यह पुस्तक मेला केवल पुस्तकों की बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य समाज में पढऩे की आदत को विकसित करना और ज्ञान के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन, पुस्तकालय विभाग एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को नई सोच और बेहतर भविष्य की दिशा मिलती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

