प्रयागराज 23 अप्रैल (आरएनएस)। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र बुधवार शाम एक युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इस दौरान तीन युवकों ने जान जोखिम में डाल कर युवती को टावर से उतारा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बुढिय़ा का इनारा बाजार में लगे एक मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती अपने प्रेमी से फोन पर बात करते हुए बार-बार यह कह रही थी कि अगर उसने शादी नहीं की तो वह कूदकर जान दे देगी। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवती को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुई। हालात बिगड़ते देख भीड़ में मौजूद तीन युवकों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए टावर पर चढ़कर किसी तरह युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
इसके बाद पुलिस युवती को अपने साथ कोतवाली ले गई। जहां उससे पूछताछ में सामने आया कि 22 वर्षीय युवती सराय ममरेज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। उसका प्रेम प्रसंग अपनी ही बहन के देवर से चल रहा था। जिसने शादी का वादा किया था, लेकिन युवक के परिजनों ने एक ही परिवार की दो लड़कियों से शादी संभव नहीं, कह कर इस रिश्ते से इनकार कर दिया। इसी बात से आहत होकर युवती घर से निकल आई और यह खतरनाक कदम उठा लिया। कोतवाली प्रभारी फूलपुर का कहना है कि युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही हैं। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

