गोरखपुर, । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को निर्माणाधीन डोमिनगढ़-माधोपुर बंधा से महेसरा पुल तक चार लेन सड़क और डोमिनगढ़ में बन रहे रेल उपरिगामी पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजघाट पुल से हाबर्ट बंधा होते हुए डोमिनगढ़, कोलिया, गाहासाढ़ बंधा होते हुए जंगल कौडिय़ा-कालेसर मार्ग तक बन रही चार लेन सड़क के निर्माण कार्य की भी जानकारी ली। उन्होंने इन परियोजनाओं को सुगम यातायात और बाढ़ से बचाव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।पर्यावरणीय उद्यान सहित 1055 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री डोमिनगढ़-माधोपुर बंधा से महेसरा पुल तक चार लेन सड़क और डोमिनगढ़ रेल उपरिगामी पुल का निरीक्षण करने पहुंचे। सबसे पहले वह लालडिग्गी के आगे बंधे पर रुके, जहां उन्होंने सड़क परियोजना के मानचित्र का अवलोकन कर कार्य प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाकर इसे शीघ्र जनता को समर्पित करने की तैयारी की जाए।इसके बाद मुख्यमंत्री इलाहीबाग के पास बंधे पर रुके और निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने निर्धारित समय सितम्बर 2026 के स्थान पर जुलाई 2026 तक चार लेन सड़क का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित करते हुए कहा कि महेसरा तक बनने वाली सड़क के अंतिम छोर को आकर्षक बनाने में नगर निगम भी सहयोग करे। उन्होंने कहा कि महेसरा में सड़क से सटी जलाशय के पास पड़ी भूमि पर कचरा जमा रहता है, जिसे हटाकर वहां पर्यावरणीय उद्यान की तर्ज पर विकास किया जा सकता है।चार लेन सड़क का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने डोमिनगढ़ चौकी के पास जगतबेला-डोमिनगढ़ रेल खंड पर रहमतनगर-माधोपुर मार्ग स्थित रेल उपरिगामी पुल की प्रगति की जानकारी ली। मानचित्र देखने के बाद उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में जनजीवन को सुगम बनाने के लिए विकास की नई श्रृंखला स्थापित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाबर्ट बंधा और डोमिनगढ़ बंधा पर चार लेन सड़क तथा डोमिनगढ़ में रेल उपरिगामी पुल बनने से घुनघुनकोठा, जगतबेला और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही, तटबंध के सुदृढ़ होने से बाढ़ से भी बचाव होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद शहर के बाहरी क्षेत्रों से होकर चार लेन सड़क की बेहतर संपर्क व्यवस्था उपलब्ध होगी। राजघाट और टीपीनगर से होते हुए नेपाल जाने वाले मार्ग पर जाने के लिए लोगों को शहर के अंदर प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इस मार्ग से सीधे महेसरा होते हुए सोनौली मार्ग तक पहुंचना आसान हो जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यदायी संस्थाएं निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कर लोगों को बड़ी राहत प्रदान करेंगी।डोमिनगढ़-माधोपुर बंधा से बसियाडीह मंदिर होते हुए महेसरा पुल के पास गोरखपुर-सोनौली मार्ग तक लगभग 10.2 किलोमीटर लंबाई में 379.54 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार राजघाट पुल से हाबर्ट बंधा होते हुए जंगल कौडिय़ा-कालेसर मार्ग तक लगभग 4.07 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसका अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है।जगतबेला-डोमिनगढ़ रेल खंड पर रहमतनगर-माधोपुर मार्ग स्थित 755 मीटर लंबे रेल उपरिगामी पुल का निर्माण लगभग 132 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस पुल के निर्माण से टीपीनगर, कालेसर, जंगल कौडिय़ा तथा अन्य क्षेत्रों का संपर्क गोरखपुर-सोनौली मार्ग से सीधे हो जाएगा, जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ समय और ईंधन की भी बचत होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

