गोरखपुर 23 अप्रैल (आरएनएस)। मिशन-शक्ति फेज-5.0 के फेज-2 के अंतर्गत जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक अपराध/नोडल मिशन-शक्ति के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति टीम, पीआरवी व पुलिस बल ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया।अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, सशक्तिकरण और विश्वास का वातावरण मजबूत करना रहा। इस दौरान पुलिस टीमों ने शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और महिला व बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों—जैसे घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीडऩ निवारण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध कानून और बाल श्रम कानून—के बारे में विस्तार से बताया।साथ ही, महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों—1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (वन स्टॉप सेंटर), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 1076 (सीएम हेल्पलाइन) आदि—की जानकारी देते हुए मोबाइल पैनिक बटन का डेमो भी दिया गया।कार्यक्रम के दौरान पंपलेट वितरित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

