-पहले दिन 39 शिक्षकों ने लिया हिस्सा
अयोध्या 23 अप्रैल (आरएनएस)। नगर पंचायत कुमारगंज के सभागार में गुरुवार को आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। इस प्रशिक्षण में पहले दिन 39 शिक्षक शामिल हुए और उन्होंने जनगणना से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
चार्ज अधिकारी नगर पंचायत कुमारगंज संजय शुक्ला ने बताया कि नगर पंचायत के कुल 13 वार्डों में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को घर-घर जाकर सही तरीके से जानकारी संकलित करने, मकान सूचीकरण की प्रक्रिया तथा आवश्यक प्रपत्रों को भरने की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के लिए समुचित व्यवस्थाएं भी की गई हैं। सभी प्रशिक्षणार्थियों को दिन में दो बार नाश्ता, एक समय भोजन तथा पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे बिना किसी असुविधा के प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन दिनों तक चलेगा, जो प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि इसमें लगभग 50 प्रतिशत महिला और 50 प्रतिशत पुरुष प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं, जिससे लैंगिक संतुलन भी देखने को मिल रहा है। प्रशिक्षण का संचालन प्रशिक्षक तारिक सिद्दीकी और राजकुमार द्वारा किया जा रहा है, जो प्रतिभागियों को जनगणना कार्य की बारीकियों से अवगत करा रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी प्रगणक अपने कार्य को पूरी सटीकता और जिम्मेदारी के साथ निभाएं, जिससे जनगणना के आंकड़े विश्वसनीय और सटीक प्राप्त हो सकें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

