-ग्राम प्रधानों ने सौंपा मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन
अयोध्या 23 अप्रैल (आरएनएस)। पंचायत चुनाव को लेकर प्रधानों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार पहल की है। ब्लॉक सोहावल में जिलाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में तथा ब्लॉक मवई में ब्लॉक अध्यक्ष पवन वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधानों ने एकत्र होकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रधानों ने मांग की है कि प्रदेश में पंचायत चुनाव समय से कराए जाएं, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रहे। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि किसी कारणवश समय पर चुनाव कराना संभव न हो, तो वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए।
प्रधानों ने अपने पत्र में कोरोना काल का उल्लेख करते हुए बताया कि उनका कार्यकाल अत्यंत कठिन परिस्थितियों में शुरू हुआ था, जब उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर गांवों में सेवा कार्य किए। प्रवासी मजदूरों के लिए भोजन, आवास और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित की गईं। इसके बावजूद करीब डेढ़ से दो वर्षों तक विकास कार्य प्रभावित रहे, जिससे योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल सका। ज्ञापन में यह भी मांग रखी गई कि यदि कार्यकाल वृद्धि में कोई प्रशासनिक या कानूनी बाधा आती है, तो वर्तमान प्रधानों को ही ग्राम पंचायतों में प्रशासक नियुक्त किया जाए, जिससे विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहे और स्थानीय अनुभव का लाभ मिल सके। प्रधानों ने सरकार से इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है। बड़ी संख्या में प्रधानों की भागीदारी इस मुद्दे को लेकर व्यापक समर्थन को दर्शाती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

