-अधिवक्ता बन समाज की सेवा करना चाहता है तरंग
-शत प्रतिशत रहा एसएसवी का परीक्षा परिणाम
अयोध्या 23 अप्रैल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से गुरुवार को जारी किए गए बोर्ड परीक्षा परिणाम में एसएसवी इंटर कॉलेज का परीक्षाफल शत प्रतिशत रहा है। यूपी की बोर्ड परीक्षा के परिणाम में 7 वें स्थान पर आकर छात्र तरंग मिश्रा ने विद्यालय का नाम प्रदेश में गौरवान्वित किया है। तरंग ने 94.67 प्रतिशत हासिल किया है। बोर्ड परीक्षा में इस बार इंटर के 342 जबकि हाई स्कूल के 328 छात्रों ने प्रतिभाग किया था। प्रधानाचार्य डॉ. मणिशंकर तिवारी ने बताया कि विद्यालय के 90 फीसदी से अधिक विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की है। जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कई विद्यार्थी ने सराहनीय सफलता प्राप्त की है तो विभिन्न विषयों में भी कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय के उप प्रधानाचार्य सुरेंद्र देव तिवारी, परीक्षा प्रभारी डॉ .देवेंद्र कुमार मिश्रा, रवि प्रकाश श्रीवास्तव, मनीष सक्सेना, उत्कर्ष सिंह व लिपिक मनीष जायसवाल सहित कई शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मिष्ठान खिलाकर उनका उत्साह वर्धन किया। वहीं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाई स्कूल परीक्षा में सातवें स्थान पर अपना स्थान बनाने वाला तरंग मिश्रा शहर के एसएसवी इंटर कॉलेज का मेधावी छात्र है। तरंग बड़ा होकर सफल अधिवक्ता बन समाज की सेवा करना चाहता है। तरंग का कहना है कि मेहनत और लगन का कोई विकल्प नहीं होता है। तरंग ने अपनी सफलता का श्रेय प्रधानाचार्य डॉक्टर मणि शंकर तिवारी, शिक्षक और अपने माता-पिता को दिया। भाई उमंग मिश्रा भी परिवार में एनडीए की तैयारी कर रहे हैं तो दीदी पूर्ति मिश्रा भी पॉलिटेक्निक कर रही हैं। ऐसे में परिवार का माहौल शैक्षिक है।शहर के देवकाली में रहने वाले तरंग के पिता जगदीश मिश्रा का परिवार मूल रूप से बस्ती के निवासी हैं। जगदीश खेती किसानी का काम करते हैं। जब उनका पुत्र तरंग मिश्रा यूपी बोर्ड की हाई स्कूल परीक्षा में सर्वाधिक 94.67प्रतिशत हासिल किया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कहा कि बड़े ही मेहनत, लगन और परिश्रम से वह परिवार का भारत पोषण कर रहे हैं। फिलहाल तरंग की इस उपलब्धि के बाद उसके परिवार में खुशी का माहौल है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

