रायपुर, 24 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के दलदल सिवनी इलाके में शुक्रवार दोपहर एक बहुमंजिला इमारत में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। दलदल सिवनी स्थित क्रॉस विंड अपार्टमेंट की छह मंजिला इमारत के तीसरे माले के एक फ्लैट में एसी फटने से आग लग गई। शुरुआती चिंगारी ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में धुआं फैल गया।आग लगते ही अपार्टमेंट के अन्य फ्लैट में रहने वाले लोग घबराकर बाहर निकलने लगे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग से फ्लैट को नुकसान पहुंचा है।प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि वे गर्मी के मौसम में बिजली उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतें।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

