खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, 24 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के थाना गातापार क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बारात के दौरान चाकूबाजी की घटना में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया है।पुलिस के अनुसार, घटना 22 अप्रैल 2026 की रात ग्राम मुढ़ीपार में हुई। प्रार्थी कमलेश वर्मा (29 वर्ष), निवासी ढारा जिला राजनांदगांव, ने थाना गातापार में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे एक विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। रात करीब 9 बजे बारात दुल्हन के घर के पास बाजार चौक पहुंची थी, जहां डीजे पर बाराती नाच रहे थे।इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और साइड दो कहते हुए गाली-गलौज करने लगे। बारातियों द्वारा समझाने के बावजूद विवाद बढ़ गया और आरोपी वहां से चले गए। करीब एक घंटे बाद आरोपी पने साथियों के साथ लौटे और बारातियों से मारपीट शुरू कर दी।बीच-बचाव करने पहुंचे राजा वर्मा पर एक आरोपी ने चाकू से पेट में वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं प्रार्थी कमलेश वर्मा पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे उनके हाथ और सिर में चोट आई। घटना के बाद शोर मचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना के बाद जब घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी आरोपी फिर लौटे और लोहे की रॉड से स्कॉर्पियो वाहन के सामने का कांच तोड़ दिया, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा।मामले में थाना गातापार पुलिस ने अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 109, 324(5), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी गुलशन सिन्हा से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की। इसके बाद अन्य दो आरोपी पुनम सिन्हा और जग्गु निषाद को भी गिरफ्तार किया गया।तीनों आरोपी ग्राम मुढ़ीपार के निवासी हैं। वहीं इस मामले में शामिल तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लेकर उनकी रिपोर्ट तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।पुलिस का कहना है कि साइबर सेल और थाना गातापार स्टाफ की मदद से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया गया। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

