सूरजपुर, 24 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के पस्ता गांव में एक युवक के साथ चोरी के शक में ग्रामीणों द्वारा सार्वजनिक रूप से अपमानित करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुर निवासी रहमान ताज नामक युवक को पस्ता गांव बुलाया गया था। वहां ग्रामीणों ने उस पर चोरी का आरोप लगाते हुए पहले उसका आधा सिर मुंडवा दिया। इसके बाद युवक को जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान उसकी पत्नी को भी साथ में घुमाया गया, जिससे दोनों को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। बताया गया है कि घटना के दौरान युवक और उसकी पत्नी के साथ मारपीट भी की गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से फैल गया और प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। घटना के बाद युवक के पिता ने रामानुजनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को झूठे आरोपों के आधार पर सजा दी गई, जो पूरी तरह अनुचित है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। रामानुजनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालते हुए यह संदेश देने की कोशिश की कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर कानून का सहारा लें और स्वयं किसी भी तरह की सजा देने से बचें।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

