जांजगीर-चांपा, 25 अप्रैल (आरएनएस)। थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही में हुई गोलीबारी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन में मामले की जांच तेज कर दी गई है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
घटना के बाद गांव करही में विशेष पुलिस कैम्प स्थापित किया गया है। इस कैम्प के माध्यम से क्षेत्र में लगातार सघन पेट्रोलिंग की जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और आने-जाने वाले मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

