रायपुर, 25 अप्रैल (आरएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक 29 अप्रैल, बुधवार को सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक और विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
इसी दिन अपराह्न 3:30 बजे मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ जनजातीय सलाहकार परिषद की बैठक भी मंत्रालय में आयोजित होगी। इस संबंध में आदिम जाति विकास विभाग द्वारा आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है।
परिषद की बैठक में 11 मार्च 2025 की पिछली बैठक के कार्यवाही विवरण के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की जाएगी। साथ ही कृषि एवं किसान कल्याण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं की प्रस्तुति दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। इनमें संस्थान में रिक्त पदों की भर्ती, उच्च स्तरीय प्रमाणीकरण छानबीन समिति के लिए टीआई पद सृजन, तथा संग्रहालय में जनजातीय धार्मिक स्थलों के निर्माण और प्रदर्शन जैसे मुद्दे शामिल हैं। बैठक में अनुसूचित क्षेत्रों के प्रशासन से संबंधित वर्ष 2024-25 के राज्यपाल प्रतिवेदन के अनुमोदन सहित अन्य महत्वपूर्ण जनजातीय विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

