बलरामपुर, 25 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल जा रही दो शिक्षिकाएं ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसे में एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, दोनों शिक्षिकाएं स्कूटी से करमडीहा स्थित अपने विद्यालय जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक शिक्षिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी साथी रजनी केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल शिक्षिका को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल वाड्रफनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रक को जब्त कर लिया। फरार चालक की तलाश जारी है।
इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्कूल स्टाफ और परिजनों में गहरा दुख व्याप्त है। वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण की मांग की है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

