बिलासपुर, 25 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय एक बार फिर विवादों में आ गया है। विश्वविद्यालय के विधि विभाग से जुड़े कुछ छात्रों पर भगवान राम और अन्य महापुरुषों के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कही जा रही है।
घटना सामने आने के बाद हिंदू संगठनों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन करते हुए संबंधित छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। यह समिति तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि यह पहली बार नहीं है जब विश्वविद्यालय विवादों में आया हो। इससे पहले जनवरी में आयोजित एक राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान कुलपति और एक साहित्यकार के बीच विवाद का मामला भी सामने आया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
फिलहाल सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और संभावित कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

