रायपुर, 25 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी में कुख्यात गांजा तस्कर रवि साहू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। पुलिस ने उसकी अवैध संपत्तियों को जब्त करने के लिए करीब 800 पन्नों का विस्तृत प्रस्ताव अदालत में पेश किया है। इस मामले में आगामी एक महीने के भीतर सुनवाई होने की संभावना है।
पुलिस के अनुसार रवि साहू ने नशे के अवैध कारोबार के जरिए लगभग 7.5 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की है। कोर्ट में प्रस्ताव दाखिल होने के बाद फिलहाल उसकी संपत्तियों के हस्तांतरण और बिक्री पर रोक लग गई है, ताकि जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो।
गौरतलब है कि रवि साहू का नाम रायपुर समेत प्रदेश के बड़े गांजा तस्करों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास सहित 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कुछ समय पहले उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद रवि साहू को 10 वर्ष की सजा सुनाई गई थी, जिसके बाद से वह रायपुर केंद्रीय जेल में बंद है। अब पुलिस उसकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

