रायपुर, 25 अप्रैल (आरएनएस)। कमिश्नरेट पुलिस के पश्चिम क्षेत्र (डीसीपी वेस्ट जोन) ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला थाना मुजगहन क्षेत्र का है, जहां काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी स्थित एक पान ठेले से अवैध शराब बेचे जाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी।
पुलिस को 25 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पान ठेले के जरिए अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद थाना मुजगहन प्रभारी डीएसपी अमित कोस्मा के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 40 पाव शराब बरामद की गई, जिसमें 35 पाव देशी और 5 पाव अंग्रेजी शराब शामिल है। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 7.200 लीटर और अनुमानित कीमत लगभग 4100 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके से आरोपी अज्जू पठान (31 वर्ष), निवासी बीएसपी कॉलोनी, थाना मुजगहन, जिला रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 97/26 के तहत धारा 34(बी) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से अवैध शराब बिक्री में संलिप्त था और गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध शराब बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

