लखनऊ ,25 अपै्रल (आरएनएस)। क्राइम ब्रांच और थाना गुडम्बा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी चोरी की वारदात का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, 1,10,200 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन तथा एक अवैध .32 बोर पिस्टल मय चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद माल की कुल अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार 15 अप्रैल 2026 को वादी सरफराज हुसैन निवासी आधार खेड़ा, डीएच-2 पैराडाइज, थाना गुडम्बा ने अपने घर में चोरी की घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात चोरों ने उनके घर के अंदर अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सभी आभूषण और नगदी चोरी कर ली थी। इस संबंध में थाना गुडम्बा पर मु0अ0सं0 148/26 धारा 331(4)/305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त लखनऊ के निर्देश पर क्राइम टीम, सर्विलांस टीम पूर्वी जोन और थाना गुडम्बा पुलिस की संयुक्त टीम लगातार पतारसी और सुरागरसी में जुटी हुई थी। इसी क्रम में 24 अप्रैल 2026 को संयुक्त पुलिस टीम ने स्कार्पियो क्लब के पास जंगल क्षेत्र से तीन संदिग्ध व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अदीबुर्रहमान उर्फ अदीब उर्फ अद्दू निवासी ग्राम अनवारी थाना कुर्सी जनपद बाराबंकी, जीशान गाजी उर्फ छोटू निवासी ग्राम चंदाकोडर थाना बीकेटी जनपद लखनऊ (हाल पता ग्राम अनवारी थाना कुर्सी, बाराबंकी) तथा रामजी राजाराम सोनी निवासी स्कूटर इंडिया क्षेत्र थाना सरोजनीनगर लखनऊ बताए।तलाशी के दौरान अभियुक्त अदीबुर्रहमान के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अतिरिक्त आरोपियों के पास से चोरी से संबंधित नकद 1,10,200 रुपये, पीली धातु की दो छड़, सोने-चांदी की अंगूठियां, एक बिन्दीनुमा पीली धातु का टुकड़ा तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल में तीन एंड्रॉयड फोन और एक आईफोन 17 प्रो मैक्स शामिल है, जिसे चोरी के पैसों से खरीदा गया था। साथ ही एक बुलेट मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से वादी के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी अदीबुर्रहमान और जीशान गाजी के विरुद्ध पहले से ही चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में अनेक मुकदमे दर्ज हैं। रामजी राजाराम सोनी के विरुद्ध भी धोखाधड़ी और अन्य अपराधों से संबंधित मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।अवैध पिस्टल और कारतूस की बरामदगी के आधार पर थाना गुडम्बा में अभियुक्त अदीबुर्रहमान के विरुद्ध मु0अ0सं0 167/26 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत एक अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को 24 अप्रैल 2026 की रात 11:05 बजे विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया है और उनके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई को सफल बनाने में क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम पूर्वी जोन और थाना गुडम्बा पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जांच जारी है, ताकि क्षेत्र में होने वाली चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

