जौनपुर ,25 अपै्रल (आरएनएस)। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा पहल की गई है। जिलाधिकारी ने गोवंश के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी भूसा दान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने वाले संभ्रांत जन, कृषक, जिन्होंने विभिन्न गोशालाओं में भूसा दान देकर निराश्रित गोवंश के संरक्षण और भरण पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, उनका आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन की ओर से गोवंश के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, किंतु जनसहयोग के माध्यम से अतिरिक्त संसाधन प्राप्त होने पर उनके बेहतर पोषण एवं देखभाल में सहायता मिलती है। इस वर्ष भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें स्वेच्छा से भूसा दान करने वाले दानदाताओं को “पुण्य की एफडी” के रूप में एक प्रतीकात्मक प्रमाण पत्र प्रदान किया जा रहा है। इस अभिनव पहल की सराहना मुख्य सचिव द्वारा भी की गई है। अभियान के अंतर्गत नागरिकों से अपील की गई है कि वे निराश्रित गोवंश के कल्याणार्थ अधिक से अधिक भूसा दान देकर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें और “पुण्य की एफडी” प्रमाण पत्र प्राप्त करें। साथ ही यह भी आग्रह किया गया कि आमजन अपने घरों के आसपास पशु-पक्षियों के लिए जल एवं दाना की व्यवस्था कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दें। नगर पालिका परिषद के कृषि भवन स्थित गौशाला में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार अंबष्ट द्वारा 18 क्विंटल भूसा दान किया गया, जिसपर जिलाधिकारी द्वारा मुख्य राजस्व अधिकारी को “पुण्य की एफडी” प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अब तक जनपद में 10000 क्विंटल से भी अधिक भूसा दान के माध्यम से संग्रहित किया जा चुका है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

