जनकल्याण किसान एसोसिएशन की इस पहल को लोगों ने किया स्वागत
बाराबंकी ,25 अपै्रल (आरएनएस)। जहां एक तरफ किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इस्माइलपुर की होनहार छात्रा के हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 96.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश स्तर पर टॉप टेन में अपना नाम दर्ज कराने पर मोनिका यादव को तमाम प्रकार के उपहार भेंट करने वालों का तांता लगा हुआ है। वही जनकल्याण किसान एसोसिएशन के चेयरमैन धर्म कुमार यादव पर्यावरण प्रेमी ने शनिवार को स्कूल पहुंचकर एक सीता अशोक का पौधा भेंटकर मोनिका यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना भी की। तत्पश्चात उसी पेड़ को विद्यालय परिसर में प्रधानाचार्य अशोक कुमार त्रिपाठी, अध्यापक सुनील कुमार, नरेंद्र प्रजापति राजीव प्रकाशन, अध्यापक अनिल कुमार यादव, प्रियंका त्रिपाठी, बन बिहारी, क्षेमेंद्र अवस्थी, राजू, शिव प्रताप मिश्र, आनंद यादव, रोनिका, सकीना आदि के साथ मिलकर मोनिका यादव होनहार छात्रा के नाम से रोपित किया गया। उक्त पौधे के पालन पोषण व देखरेख की जिम्मेदारी उसी स्कूल में पढ़ रही मोनिका की छोटी बहन रोनिका यादव ने लिया। बताते चलें कि मोनिका यादव देवा विकासखंड के ग्राम मामापुर के उमेश कुमार यादव की पुत्री हैं इनकी माता का नाम मंजू देवी है। जिन्होंने प्रदेश में 9वां स्थान हासिल किया है। स्कूल के प्रधानाचार्य अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि हमारे विद्यालय में मोनिका कक्षा 6 में दाखिला लिया था। कक्षा 7 में तेजी से परिवर्तन दिखने लगा। कक्षा 8 में राष्ट्रीय आय आधारित परीक्षा में जनपद में बीसवां स्थान प्राप्त किया। जिससे मोनिका को सरकार की तरफ से 1000 प्रतिमाह मिलने लगा। पुन: मिशन पहचान की परीक्षा में जनपद में दूसरा स्थान प्राप्त किया। तत्कालीन जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार सिंह ने स्कूल के एक कार्यक्रम में सम्मानित किया था। उसी समय बिटिया ने जिलाधिकारी से आईएएस किस तरह बन सकते हैं यह प्रश्न किया। जिलाधिकारी के सुझाव से संतुष्ट होकर मोनिका ने उसी दिन आईएएस बनने का संकल्प लिया। पढ़ाई के अतिरिक्त खेल कूद सांस्कृतिक गतिविधियां, भाषण, कला, निबंध आदि प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर पुरस्कृत होती रही। मोनिका को नेतृत्व करना बहुत पसंद है। कक्षा के सभी बच्चे इनकी बात मानते थे। परीक्षा से पूर्व यह विद्यालय की कैप्टन रही। श्री त्रिपाठी ने यह भी बताया कि वर्ष 2014 में इस विद्यालय में कुल 112 बच्चे अध्ययनरत थे जबकि पिछले वर्ष बच्चों की संख्या 770 थी। इस वर्ष तो सीटें बढ़ाना पड़ेगा। क्षेत्रीय अभिभावकों के मुताबिक जब से त्रिपाठी जी ने स्कूल का कार्यभार संभाला है तब से बच्चों की पढ़ाई तो अच्छी हो ही रही है स्कूल में अनुशासन, साफ सफाई एवं भवन का सौंदर्यीकरण भी किया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

