—- कलेक्ट्रेट सभागार में दिशा समिति की बैठक सम्पन्न, विकास कार्यों की समीक्षा एवं त्वरित समाधान के लिए दिया गया निर्देश।
—- जल, बिजली, स्वास्थ्य और पर्यटन पर विशेष जोर।
कुशीनगर, 25 अप्रैल (आरएनएस)। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे की अध्यक्षता एवं सह-अध्यक्ष देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी की उपस्थिति में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति, दिशा की बैठक संपन्न हुई।
बैठक में अध्यक्ष ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण मंच है। जहां भारत सरकार एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि इस बैठक के माध्यम से जनपद के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा होती है तथा जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनके त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा किया कि वे योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करें। गर्मी के दृष्टिगत विद्युत व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए अध्यक्ष ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, जर्जर तारों एवं पोलों के प्रतिस्थापन तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिया। साथ ही विद्युत केंद्रों पर 24 घंटे ड्यूटी सुनिश्चित करने एवं संबंधित कर्मियों के संपर्क नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। उन्होंने विभाग में कर्मचारियों की कमी के संबंध में प्रस्ताव शासन को भेजने के भी निर्देश दिया। अध्यक्ष ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर जनसामान्य को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिया। उन्होंने हाल ही में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन के सफल आयोजन हेतु जिलाधिकारी को बधाई देते हुए कहा कि इस आयोजन से कुशीनगर को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है और पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं विकसित हुई हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पर्यटन विकास से जनपद की तस्वीर में सकारात्मक बदलाव आएगा। सह-अध्यक्ष शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि आगामी 12 महीनों के लिए ठोस विकास रणनीति तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि धन की कोई कमी नहीं है। इसलिए अगले 15 दिनों में प्राथमिकताएं निर्धारित कर कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने जल, बिजली एवं स्वास्थ्य को सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए इन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने तथा जन प्रतिनिधियों के सुझावों पर गंभीरता से कार्य करने को कहा। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने समिति को अवगत कराया कि जनपद में तकनीक के माध्यम से विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने बताया कि दुर्गा फाउंडेशन के साथ हुए एमओयू के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के छात्रों को कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिसमें एक्सेल, एमएस वर्ड, एआई एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की जानकारी शामिल है। उन्होंने बताया कि जनता दर्शन को डिजिटाइज करते हुए एक ऐप लॉन्च किया गया है। जिसके माध्यम से शिकायतों का निस्तारण 5 से 7 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में 5 डिजिटल वालंटियर तैयार किए जाने की योजना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पुराने डीआईओएस कार्यालय में एआई हब स्थापित किया जा रहा है। बैठक में जन प्रतिनिधियों द्वारा रसोई गैस की उपलब्धता, पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति, स्वास्थ्य केंद्रों पर एक्स-रे मशीन, दवाओं की उपलब्धता एवं 24 घंटे डॉक्टरों की तैनाती से संबंधित मुद्दे भी उठाए गए। प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को रात्रि में मुख्यालय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही रेलवे अंडरपास एवं ओवर ब्रिज से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी ने अध्यक्ष एवं सह-अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का स्वागत मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक द्वारा किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय योजनाओं की प्रगति एवं अनुपालन आख्या से सभी को अवगत कराया। जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘दिशाÓ समिति की सक्रियता से जनपद में विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता में और अधिक सुधार होगा। इस अवसर पर विधायक पडरौना मनीष जायसवाल, विधायक फाजिलनगर सुरेन्द्र सिंह कुशवाहा, विधायक हाटा मोहन वर्मा, विधायक तमकुही डॉ0 असीम कुमार, विधायक खड्डा विवेकानन्द पाण्डेय, विधायक रामकोला विनय प्रकाश गौंड, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप जायसवाल, समस्त ब्लॉक प्रमुख के साथ सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

