—- पहली ही बैठक में विकास कार्यों की निगरानी एवं पारदर्शिता के लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय।
कुशीनगर, 25 अप्रैल (आरएनएस)। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की प्रथम बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से विधायक रामकोला विनय प्रकाश गौड़ को जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति का अध्यक्ष नामित किया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समिति में 5 ग्राम पंचायतों के निर्वाचित ग्राम प्रधानों, जिनमें कम से कम दो महिलाएं हों, को शामिल किया जाएगा। साथ ही एक प्रतिष्ठित गैर-सरकारी संगठन से एक सदस्य तथा अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला वर्ग से एक-एक प्रतिनिधि को भी नामित किया जाएगा। समिति के प्रमुख कार्यों में विकास कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन में आने वाली बाधाओं को दूर करना, लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा निधियों के दुरुपयोग से संबंधित शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की संस्तुति करना शामिल है। समिति आवश्यकतानुसार मामलों को जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी अथवा परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को जांच हेतु प्रेषित कर सकेगी। जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह समिति जनपद में विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बैठक में विधायक पडरौना मनीष जायसवाल, विधायक फाजिलनगर सुरेन्द्र कुशवाहा, विधायक हाटा मोहन वर्मा, विधायक तमकुही डॉ0 असीम कुमार तथा विधायक खड्डा विवेकानन्द पाण्डेय, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, नामित प्रतिनिधि मोहम्मद जफर, डिप्टी कलेक्टर, जिला विकास अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख विशुनपुरा, नेबुआ नौरंगिया, मोतीचक, हाटा एवं समस्त खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

