—- बुनियादी सुविधाओं से वंचित कॉलोनीवासी बदबू, सडऩ और जलभराव से त्रस्त।
कुशीनगर, 25 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के नगर पालिका परिषद पडरौना के मुन्ना कॉलोनी, तिलक नगर के करीब 35-40 परिवार आज भी ऐसे हालात में जीने को मजबूर हैं, जिसे सुनकर किसी भी संवेदन शील व्यक्ति का दिल दहल जाए। साफ-सफाई और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित यह कॉलोनी इन दिनों बदबू, सडऩ और जलभराव की त्रासदी झेल रहे है।
स्थानीय निवासी एवं अधिवक्ता प्रकाश चन्द्र श्रीवास्तव द्वारा नगर पालिका को दिए गए पत्र में कहा गया है कि कॉलोनी में नाली व्यवस्था पूरी तरह ठप है। नतीजतन गंदा पानी खाली जमीन में जमा होकर करीब 3 फीट तक भर गया है। हालात यह हैं कि इस सड़े हुए पानी से उठ रही दुर्गन्ध ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। वहीं मच्छरों और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि जलभराव के चलते करीब 10 मकान गिरने के कगार पर पहुंच चुके हैं। दीवारों में दरारें पडऩे लगी हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बावजूद इसके नगर पालिका प्रशासन अब तक पूरी तरह बेखबर है। गौरतलब है कि कॉलोनीवासियों ने इस गंभीर समस्या को लेकर पहले भी 1 दिसंबर 2025 को अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र दिए थे। इसके बावजूद अब तक न तो नाली बनी और न ही जल निकासी की कोई व्यवस्था की गई। कॉलोनीवासियों का कहना है कि अगर जल्द ही नाली और सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो यह समस्या किसी बड़ी जनहानि का कारण बन सकती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

