रायपुर, 27 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शामिल लाखों विद्यार्थियों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। ताजा अपडेट के अनुसार, बोर्ड परीक्षा परिणाम 29 या 30 अप्रैल को जारी किए जा सकते हैं। मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने जानकारी दी है कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है और फिलहाल अंकों के मिलान एवं रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। ऐसे में बोर्ड जल्द ही आधिकारिक घोषणा कर सकता है।
गौरतलब है कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 20 और 21 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चली थीं। हालांकि हिंदी विषय का प्रश्नपत्र लीक होने के कारण 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा आयोजित करनी पड़ी, जिसके चलते परिणाम घोषित करने में देरी हुई। प्रारंभिक योजना के अनुसार बोर्ड 15 अप्रैल तक रिजल्ट जारी करना चाहता था।
इस साल हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) में 3,20,535 और हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) में 2,45,785 विद्यार्थी पंजीकृत थे। बड़ी संख्या में छात्र विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं और आगे की पढ़ाई के लिए रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
पिछले वर्ष बोर्ड ने 7 मई 2025 को परिणाम घोषित किए थे, जिसमें कक्षा 10वीं का रिजल्ट 68.76 प्रतिशत और कक्षा 12वीं का 82.25 प्रतिशत रहा था। इस बार भी विद्यार्थियों और अभिभावकों की नजरें बोर्ड की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं, जिससे उनका इंतजार समाप्त हो सके।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

