दुर्ग 27 अप्रैल (आरएनएस) शादी सीजन के बीच जान जोखिम में डालकर ट्रक और पिकअप में सफर करने वालों पर अब सख्ती का पहिया घूम गया है और यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है, 27 अप्रैल 2026 को जारी इस अभियान में शहर से लेकर राष्ट्रीय और राज्य मार्गों तक सघन चेकिंग की जा रही है जहां ट्रक, पिकअप और अन्य मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से यात्रियों को ले जाते पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीधे कार्रवाई हो रही है, दरअसल अन्य जिलों में ऐसी लापरवाही से हुई दर्दनाक दुर्घटनाओं और जनहानि को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने पहले ही अलर्ट मोड में आकर यह अभियान तेज किया है ताकि किसी भी बड़ी घटना से पहले ही खतरे को रोका जा सके, चेकिंग के दौरान सिर्फ चालकों पर कार्रवाई ही नहीं बल्कि यात्रियों को भी समझाइश दी जा रही है कि वे केवल अधिकृत यात्री वाहनों का ही उपयोग करें, इसी के साथ सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ब्रेथ एनालाइजर के जरिए ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के साथ जरूरत पड़ने पर न्यायालयीन प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है, यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार मैदान में उतरकर चेकिंग, प्रवर्तन और जनजागरूकता का संयुक्त अभियान चला रहे हैं जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा असर देखने को मिल रहा है, पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से साफ अपील की है कि मालवाहक वाहनों में यात्रा न करें, नियमों का पालन करें और शराब पीकर वाहन चलाने से बचें ताकि खुद की और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रह सके, बहरहाल, यह अभियान सिर्फ चालान तक सीमित नहीं बल्कि हर उस जान को बचाने की कोशिश है जो एक छोटी सी लापरवाही से हमेशा के लिए खत्म हो सकती है।


