रायपुर, 29 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सिजीबीएसई) की 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी पेपर लीक मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले के मुख्य फरार आरोपी वेणु जंघेल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अब नकद इनाम घोषित किया है।
पुलिस का एक्शन: सूचना देने पर मिलेगा इनाम
सेंट्रल जोन के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) उमेश गुप्ता ने आदेश जारी कर आरोपी की सूचना देने या गिरफ्तारी में मदद करने वाले को 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले डेढ़ महीने से फरार है और लगातार गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि उसका खुलेआम घूमना कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन सकता है।
पेपर लीक से मचा था हड़कंप
गौरतलब है कि 12वीं हिंदी बोर्ड परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुप्स में वायरल होने का मामला सामने आया था। छात्र संगठन एनएसयूआई ने सबसे पहले इस लीक का दावा किया, जिसके बाद प्रदेशभर में विरोध शुरू हो गया।
परीक्षा रद्द, फिर दोबारा आयोजन
मामले की गंभीरता को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हिंदी परीक्षा को रद्द कर दिया था। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोबारा परीक्षा आयोजित कराई गई।
जांच में जुटी पुलिस
पेपर लीक की पुष्टि होने पर सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। फिलहाल साइबर सेल तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वहीं एनएसयूआई ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए मंडल का घेराव भी किया था।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि आरोपी के बारे में कोई भी जानकारी तुरंत साझा करें, ताकि उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

