सक्ती, 29 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेलते-खेलते तालाब में डूबने से जुड़वा बहनों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
खेलते-खेलते तालाब में गिरीं मासूम बहनें
घटना बाराद्वार थाना क्षेत्र के लवसरा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, दीप्ति गोंड (6 वर्ष) और दिव्या गोंड (6 वर्ष) मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे घर के पास खेल रही थीं। खेलते-खेलते दोनों बहनें तालाब के किनारे पहुंच गईं और अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में गिर गईं। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण उन्हें समय रहते बचाया नहीं जा सका।
तालाब में तैरते मिले शव, मचा हड़कंप
कुछ देर बाद ग्रामीणों ने तालाब में दोनों बच्चियों के शव तैरते हुए देखे, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। तत्काल ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

