रायपुर, 29 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र के खोलागांव में एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 20 वर्षीय युवक ने पड़ोस में रहने वाली महज चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मासूम बच्ची की मां किसी काम से पोस्ट ऑफिस गई थी। बाहर तेज धूप होने के कारण मां ने सुरक्षा के लिहाज से अपनी बच्ची को भरोसेमंद समझकर पड़ोसी के घर छोड़ दिया था। इसी बीच, सूनेपन का फायदा उठाकर पड़ोसी युवक राहुल तारख (20 वर्ष) ने मासूम के साथ हैवानियत की वारदात को अंजाम दिया।सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई। अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र श्याम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी राहुल तारख को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ और जानकारी के अनुसार, बच्ची को उसकी माँ ने धूप से बचाने के लिए पड़ोसी के घर छोड़ा था। मामले में अपराध दर्ज कर विस्तृत जाँच की जा रही है।
इस जघन्य कृत्य के बाद खोलगांव सहित पूरे अभनपुर क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने पीडि़ता को डॉक्टरी सहायता उपलब्ध कराते हुए मामले की सूक्ष्मता से जाँच शुरू कर दी है ताकि आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जा सके।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

