आयुष्मान खुराना एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपनी जिंदगी की खलबली लेकर लौट आए हैं। बहुप्रतीक्षित फिल्म पति पत्नी और वो दो का मजेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें आयुष्मान 1-2 नहीं, बल्कि 3-3 हसीनाओं के बीच बुरी तरह फंसे नजर आ रहे हैं। प्यार, शादी और जबरदस्त उलझनों से भरा ये ट्रेलर देख दर्शक खूब ठहाके लगा रहे हैं। फिल्म में आयुष्मान के साथ सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह नजर आएंगी।
बॉलीवुड में एक बार फिर पति की मुसीबतों वाली कहानी की वापसी हुई है। गानों और टीजर के जरिए माहौल बनाने के बाद अब पति पत्नी और वो दो का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म की कहानी प्रजापति पांडे (आयुष्मान) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी में एक पत्नी और एक नहीं, बल्कि 2-2 प्रेमिकाएं हैं। इस कन्फ्यूजन और अफरा-तफरी से प्रजापति कैसे बाहर निकलेंगे, यही फिल्म की मुख्य कहानी है।
मुदस्सर अजीज, जिन्होंने पति पत्नी और वो और मेरे हस्बैंड की बीवी जैसी फिल्मों से अपनी खास पहचान बनाई है, एक बार फिर अपनी चिर-परिचित शैली में लौट आए हैं। इस बार भी उन्होंने एक ऐसी कहानी बुनी है, जहां हीरो महिलाओं के चक्कर में बुरी तरह फंसा हुआ है। फिल्म में विजय राज, तिग्मांशु धूलिया और दुर्गेश कुमार जैसे कलाकार भी हैं। टी-सीरीज और बीआर स्टूडियोज के बैनर तले बनी ये फिल्म 15 मई, 2026 को सिनेमाघरों में आएगी।
बता दें कि पति पत्नि और वो नाम की पहली फिल्म साल 2019 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में कार्तिक आर्यन के साथ भूमि पेडनेकर और अनन्या पांडे ने लीड रोल निभाया था। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी और लोगों को खूब पसंद आई थी। बॉक्स ऑफिस पर सफलता के बाद अब इसी तरह की एक और फिल्म रिलीज के लिए तैयार है। 15 मई को रिलीज होने वाली इस फिल्म से मेकर्स को अच्छी उम्मीदें हैं। अब देखना होगा कि क्या ये फिल्म भी कमाई के मामले में कुछ कमाल कर पाती है या नहीं। ट्रेलर रिलीज होते ही फैन्स का भी इंतजार खत्म हो गया है। फिल्म के ट्रेलर में इसकी कहानी की भी झलक देखने को मिल रही है। फिल्म में दमदार कॉमेडी देखने को मिलने वाली है। विजय राज जैसे कमाल के कलाकार भी इस फिल्म में अपनी दमदार एक्टिंग का जलवा दिखाते नजर आने वाले हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

