नईदिल्ली,07 मई। हैदराबाद के उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 49वें मैच में, सनराइजर्स हैदराबाद ने हर क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स को 33 रनों से हरा दिया.
हाई-स्कोरिंग मैच में पंजाब किंग्स की खराब फील्डिंग उन्हें भारी पड़ी. ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन, दोनों के कैच टपकाना पंजाब को अंतत: बहुत महंगा पड़ा. इस जोड़ी ने अपनी महत्वपूर्ण अर्धशतकीय पारियों का पूरा फायदा उठाया, जिससे सनराइजर्स हैदराबाद एक विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही और अंतत: मैच पर पूरी तरह से अपना नियंत्रण बना लिया.
पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 235 रन बनाए. जिसमें अभिषेक शर्मा ने 13 गेंद में 35 रन, ट्रेविस हेड ने 19 गेंद में 38 रन, ईशान किशन ने 32 गेंद में 55 रन, हेनरिक क्लासेन ने 43 गेंद में 69 रन और नीतीश रेड्डी ने 13 गेंद में 29 रनों की अहम पारी खेली.
जवाब में पंजाब किंग्स 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 202 रन ही बना सकी. जिसमें कूपर कोनोली का जुझारू प्रदर्शन ही शायद एकमात्र सकारात्मक पहलू रहा. उन्होंने अपना पहला ञ्ज20 शतक पूरा किया और 59 गेंद में 107 रनों पर नाबाद रहे. इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज ज्यादा रन नहीं बना सका.
हैदराबाद की तरफ से तमाम गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की, खास तौर पर कप्तान पैट कमिंस सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट लिए, जिसकी वजह से उनको प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया. इसके अलावा शिवांग कुमार ने भी दो विकेट लिए.
इस जीत के साथ, सनराइजर्स हैदराबाद 14 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया. जबकि पंजाब किंग्स लगातार तीन हार के बाद 13 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

