नईदिल्ली,07 मई। इंडियन प्रीमियर लीग के 49वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 33 रनों से हरा दिया. राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम, उप्पल में खेले गए मैच में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 235 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 202 रन ही बना सकी.
मैच के बाद पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने हार के कारणों पर खुल कर बात की और कहा कि खराब फील्डिंग की वजह से आज के मैच में हम अपनी पकड़ नहीं बना सके. उन्होंने कहा, कैच छोडऩा कुछ ज्यादा ही हो गया, क्योंकि हमने शुरुआत में ही कैच छोड़ दिए. इसके आलावा दूसरी पारी के समय विकेट धीमा होता गया और हैदराबाद ने अच्छा क्रिकेट भी खेला, जिसने हमें दिखाया कि कैसे मैच जीता जाता है.
मैच में पंजाब की फील्डिंग काफी ज्यादा खराबा रही. उन्होंने शुरुआत में ही ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन के कैच छोड़ दिए. जिसके बाद दोनों बल्लेबाजों ने इसका पूरा फायदा उठाया और अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया.
सनराइजर्स हैदराबाद ने आक्रामक शुरुआत की, अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड ने पावरप्ले के दौरान विरोधी टीम पर दबाव बनाया. इसके बाद किशन ने 55 रनों की तेज पारी खेलकर बीच के ओवरों में पारी को संभाला, जबकि क्लासेन की शानदार 69 रनों की पारी की बदौलत हैदराबाद 235 रन बनाने में सफल रहा, जिससे पंजाब किंग्स के लिए लक्ष्य का पीछा करना बेहद मुश्किल हो गया.
अपनी टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए अय्यर ने कहा, मुझे लगता है कि टूर्नामेंट में हमारी शुरुआत बहुत अच्छी रही थी और सभी खिलाड़ी अच्छे लय में थे… लेकिन अगर हम इसी तरह खेलते रहे, तो इससे हमें कोई फायदा नहीं होगा. सीजन की अच्छी शुरुआत के बावजूद, इस हार ने उन कमियों को उजागर कर दिया है जिन्हें पंजाब किंग्स को दूर करने की जरूरत है.
पंजाब किंग्स के लिए लक्ष्य का पीछा करना कभी भी आसान नहीं रहा. सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने शुरुआत में ही कहर बरपाया, उन्होंने पहली सात गेंदों के भीतर ही दोनों सलामी बल्लेबाज- प्रियांश और प्रभसिमरन- को पवेलियन भेज दिया और पावरप्ले के दौरान ही अय्यर का अहम विकेट भी चटका दिया. छह ओवरों के बाद पंजाब का स्कोर 57/3 था, जिससे मेहमान टीम पूरी तरह से बैकफुट पर आ गई.
मार्कस स्टोइनिस और कूपर कोनोली ने जवाबी हमला करते हुए साझेदारी के जरिए पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन यह काम अभी भी काफी मुश्किल था. कोनोली ने अपनी सूझबूझ और कौशल से सबको प्रभावित किया.
अय्यर ने कूपर की तारीफ करते हुए कहा, कोनोली जबरदस्त खिलाड़ी है. उसकी सोच बहुत ही उम्दा है. दबाव वाले हालात में बड़े रन बनाने की उसमें एक खास काबिलियत है. कोनोली ने शानदार नाबाद 107 रन बनाए और आखिर तक पारी को संभाले रखा, लेकिन उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

