नईदिल्ली,07 मई। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज का ऐलान किया है। सीरीज का पहला मुकाबला 30 मई को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 2 जून और तीसरा वनडे 4 जून को लाहौर में आयोजित होगा। ऑस्ट्रेलिया 2022 के बाद पहली बार पाकिस्तान में द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेलने आएगी। पिछली बार पाकिस्तान ने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया था।
ऑस्ट्रेलिया ने मार्च-अप्रैल 2022 में पाकिस्तान का दौरा किया था, जहां दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली गई थी। उस सीरीज में पाकिस्तान ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। वहीं, इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी-20 सीरीज भी खेली थी। लाहौर में हुई उस सीरीज में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया का 3-0 से क्लीन स्वीप किया था।
पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज का यह कार्यक्रम आईपीएल 2026 के प्लेऑफ चरण से टकरा रहा है। आईपीएल का लीग चरण 24 मई को खत्म होगा, जबकि फाइनल 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाएगा। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआती टीम में कई प्रमुख खिलाड़ी उपलब्ध नहीं रहेंगे। हालांकि, जिन खिलाडिय़ों की टीमें प्लेऑफ में नहीं पहुंचेंगी, वे पहले वनडे तक भारत से सीधे पाकिस्तान पहुंच सकते हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

