नईदिल्ली,07 मई (आरएनएस)। पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सभी केंद्रीय मंत्री ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल फोटो को बदल दिया है। उन्होंने प्रोफाइल फोटो पर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो लगाया है, जिसे पिछले साल सेना ने पाकिस्तान पर हमले के तुरंत बाद जारी किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के लोगों की तस्वीर साझा कर सभी से अपनी प्रोफाइल फोटो बदलने की अपील की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, एक साल पहले, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, हमारी सेनाओं ने अपनी बहादुरी का प्रदर्शन किया और उन लोगों को करारा जवाब दिया जिन्होंने हमारे लोगों पर हमला किया था। भारतीयों को हमारी सेनाओं पर गर्व है। हमारी सेनाओं और उनकी सफलता के प्रति सम्मान के तौर पर, आइए हम सभी एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप समेत सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) को, नीचे दी गई तस्वीर से बदल लें।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सशस्त्र बलों की वीरता और बलिदान को नमन करते हुए एक्स पर लिखा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना कार्यों में बेजोड़ सटीकता, सेवाओं के बीच सहज तालमेल और गहरा समन्वय देखने को मिला, जिसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने लिखा कि यह पराक्रम दर्शाता है कि जब भी देश पर कोई संकट आता है, तो हमारे सशस्त्र बल निर्णायक कार्रवाई करने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

