उत्तर 24 परगना,07 मई (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा बढ़ती जा रही है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के कुछ घंटे बाद बाद उत्तर 24 परगना जिले में विस्फोट की खबर आई है। विस्फोट पानिहाटी इलाके में सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूशन के पास हुआ। घटनास्थल आरजी कर अस्पताल रेप-हत्या पीडि़ता की मां रत्ना देबनाथ के आवास से कुछ मीटर दूर है। विस्फोट में भाजपा के 5 कार्यकर्ता घायल हैं, जिन्हें आरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पनिहाटी के वार्ड नंबर 2 में दत्ता रोड पर भाजपा कार्यकर्ता स्थानीय निवासियों से बातचीत कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार कुछ लोगों ने उन पर बम फेंका और फरार हो गए। बता दें कि यहां से भाजपा ने रत्ना देबनाथ को उम्मीदवार बनाया था, जिन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के तीर्थंकर घोष को 28,836 वोटों से हराया है। भाजपा ने हमले का आरोप टीएमसी समर्थकों पर लगाया है। पुलिस हमलावरों को ढूंढ रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अफवाह न फैलाने और शांति बनाए रखने की अपील की है। इलाके में पुलिस बल तैनात है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद से ही अलग-अलग जिलों से हिंसा, उपद्रव, मारपीट, तोडफ़ोड़ की खबरें आ रही हैं। अभी तक 5 की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हैं। पुलिस ने 200 से अधिक को गिरफ्तार किया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

