– कई परिवारों में पसरा मातम
सीतापुर,07 मई (आरएनएस)। गुरुवार का दिन कई परिवारों के लिए काल बनकर आया। जिले के हरगांव, रामपुरकलां और खैराबाद थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कहीं तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया तो कहीं अज्ञात वाहन और आमने-सामने की भिड़ंत ने जिंदगियां छीन लीं। हादसों के बाद अस्पतालों में चीख-पुकार और गांवों में मातम का माहौल देखने को मिला। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
इनसेट
हरगांव में दो अलग-अलग हादसों में दो की मौत, युवक गंभीर घायल
थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पहली दुर्घटना उदनापुर के पास हुई, जहां भूलनपुर निवासी 22 वर्षीय शानू पुत्र बरकत अली अपने साथी अनफ के साथ बाइक से हरगांव आ रहे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शानू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनफ गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे सीएचसी हरगांव पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरी घटना कटेसर चैकी क्षेत्र में हुई। कटेसर निवासी 55 वर्षीय कमलेश सिंह साइकिल से सलारपुर बाजार जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
इनसेट
रामपुरकलां में दर्दनाक हादसा, चाची-भतीजे की एक साथ बुझ गई जिंदगी
रामपुरकलां थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में चाची-भतीजे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। ग्राम लौना निवासी 19 वर्षीय विशाल पांडे अपनी 60 वर्षीय चाची ज्ञान देवी को बाइक से महमूदाबाद बाजार लेकर जा रहे थे। जैसे ही दोनों बिसवा-महमूदाबाद मार्ग स्थित बजाज एजेंसी के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए वाहन की तलाश कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
इनसेट
खैराबाद में आमने-सामने भिड़ीं बाइकें, आशा बहू की मौत से परिवार में चीख-पुकार
खैराबाद थाना क्षेत्र के नानकारी गांव के पास गुरुवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में आशा कार्यकत्री पारस की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और ननद गंभीर रूप से घायल हो गए। पिसावां थाना क्षेत्र के बरगवां गांव निवासी 40 वर्षीय पारस अपने बेटे रमन और ननद बबली के साथ बाइक से जिला अस्पताल जा रही थीं। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पारस को मृत घोषित कर दिया। जबकि रमन और बबली का इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दूसरी बाइक सवार युवक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

