हरिद्वार,10 मई (आरएनएस)। डीपीएस दौलतपुर में द्वितीय अखिल भारतीय अंतर विद्यालय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप का रविवार को समापन हो गया। चैंपियनशिप में क्रिप्टो स्केट्स एकेडमी देहरादून ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हरिद्वार रोलर स्केटिंग एकेडमी दूसरे स्थान पर रही। तेजल न्यू फ्लाइंग स्केटिंग एकेडमी सोनीपत हरियाणा ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में देश के कई राज्यों से 200 से अधिक स्केटर्स पहुंचे। खिलाडिय़ों ने स्पीड, संतुलन और तकनीक का बेहतर प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. धर्मेंद्र कुमार और डॉ. तनु अनेजा बनर्जी ने किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम श्रीवास्तव और प्रो वाइस चेयरमैन विकास गोयल भी मौजूद रहे। समापन पर विजेताओं को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्या पूनम श्रीवास्तव ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कोच संजीत सिंह नेगी और खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

