हरिद्वार,10 मई (आरएनएस)। मातृ दिवस के अवसर पर रन क्लब की ओर से रविवार को एक फिटनेस उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, विशेषकर माताओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजन में शहर के विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह ऊर्जा से भरपूर दौड़ के साथ हुई। इसके बाद आयोजित जुम्बा फिटनेस चैलेंज में प्रतिभागियों ने संगीत की धुनों पर जमकर उत्साह दिखाया। आयोजन में युवाओं के लिए पिकल-बॉल प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। प्रतिभागियों ने फिटनेस गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस आयोजन को सफल बनाने में जवाहरलाल नेहरू नेशनल यूथ सेंटर का विशेष सहयोग रहा। रन क्लब के सदस्यों ने सुखबीर सिंह का स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सुखबीर सिंह ने कहा कि एक स्वस्थ माँ ही स्वस्थ समाज की नींव रखती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

