देहरादून,10 मई (आरएनएस)। दिल्ली से देहरादून आ रही नंदा देवी एक्सप्रेस में केंद्रीय महिला अफसर का बैग चोरी हो गया। चोरी हुए बैग में भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अहम दस्तावेज और एसटीक्यूसी निदेशालय का आईडी कार्ड था। शिकायत पर जीआरपी देहरादून थाने में शनिवार केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसओ जीआरपी सतीश घिल्डियाल ने बताया कि क्लेमनटाउन स्थित सोसायटी एरिया निवासी चारुप्रिया बिष्ट ने तहरीर दी। बताया कि उन्होंने बीते मई की रात 11:50 बजे हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से नंदा देवी एक्सप्रेस के कोच ए थ्री में सफर शुरू किया था। शनिवार 9 मई तड़के करीब पांच बजे जब ट्रेन हर्रावाला स्टेशन के पास पहुंची तो उनकी नींद खुली और उन्होंने पाया कि उनका काले रंग का पि_ू बैग गायब है। बैग में उनका आईफोन-15 रखा था। इसके अलावा उनका भारत सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के एसटीक्यूसी निदेशालय का आईडी कार्ड था। साथ ही बैग में ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार कार्ड, विभिन्न बैंकों के डेबिट-क्रेडिट कार्ड और गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय का पीएचडी स्कॉलर आईडी कार्ड भी था। एसओ ने बताया कि अफसर की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि अहम सरकारी दस्तावेजों से भरा बैग लेकर चोर किस स्टेशन पर उतरे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

