रुद्रप्रयाग,10 मई (आरएनएस)। सीतापुर पार्किंग में अवैध वसूली के विरोध में धरना प्रदर्शन के बाद आखिरकार पार्किंग संचालक बीआईटी सॉल्यूशन ने प्रवेश द्वार पर अनुबंध के अनुसार रेट लिस्ट चस्पा कर दी है। अब अनुबंध के अनुसार प्रति व्यक्ति से 100 रुपये ही लेकर रात्रि प्रवास करवाया जाएगा। बीआईटी सॉल्यूशन के प्रबंधक भारत भूषण ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान दो दिन तक तीर्थ यात्राओं की निशुल्क सेवा की गई है। अनुबंध के अनुसार प्रवेश द्वार पर प्रति व्यक्ति के लिए रेट लिस्ट चस्पा की गई है। उन्होंने कहा कि उनके कर्मचारियों ने यात्रियों से रात्रि प्रवास के प्रति व्यक्ति 250 रुपये लिए होंगे यह न्यायोचित नहीं है। आगे से वे खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं ताकि पार्किंग से कोई शिकायत ना आए। दूसरी ओर केदारधाम होटल ऑनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष धर्मेश नौटियाल व सचिव मनोज सेमवाल ने 100 रुपये शुल्क को ही समाप्त करने की मांग की। कहा कि यात्रियों के लिए यह व्यवस्था निशुल्क की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सोमवार तक अनुबंध में अंकित यह शर्त समाप्त नहीं की गई तो केदार घाटी के समस्त व्यापारी पार्किंग संचालक के विरुद्ध उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि मांग का समाधान न होने पर पार्किंग में तालाबंदी भी की जाएगी। वहीं जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने कहा कि अनुबंध के अनुसार सीतापुर पार्किंग यथावत संचालित हो रही है। यदि अवैध वसूली का प्रकरण है तो संचालक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करेंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

