रुद्रप्रयाग,10 मई (आरएनएस)। नगर पंचायत क्षेत्र तिलवाड़ा के लिए पेयजल योजना के लिए 39.86 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इस योजना के बनने से 30 हजार लोगों को पेयजल की सुविधा मिलेगी। इसमें एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा दो टैंक बनाए जाएंगे। वर्ष 2019 में तिलवाड़ा पेयजल योजना की डीपीआर शासन को भेजी गई थी जिसकी स्वीकृति अब मिली है। योजना के तहत लस्तर के पांजड़ा स्रोत से पानी को टेप किया जाएगा। योजना में क्षेत्र को दो जोन में बांटा गया है और यहां दो टैंक बनाए जाएंगे जिसमें रामपुर, तिलवाड़ा, मैठाणा, धारकोट के लिए एक टैंक बनेगा और सुमाड़ी के लिए अलग टैंक बनेगा। दोनों क्षेत्रों के लिए अलग-अलग पेयजल लाइन बनेगी। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तिलवाड़ा नगर पंचायत पेयजल योजना के लिए 39.86 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। तिलवाड़ा क्षेत्र लंबे समय से पेयजल समस्या से जूझ रहा था। इस योजना के बनने से क्षेत्र के हजारों लोगों को शुद्ध पानी मिल सकेगा। वहीं जल निगम के ईई नवल कुमार का कहना है कि इस योजना के तहत 135 लीटर पानी प्रतिदिन हर व्यक्ति को देने का प्रावधान किया गया है। इसके लिए सप्ताहभर में योजना के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। योजना बनने से क्षेत्र में पेयजल की किल्लत दूर होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

