महबूबनगर (तेलंगाना),17 मई (आरएनएस)। जदचर्ला में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम प्रस्ताव ठुकराने से नाराज एक सिरफिरे आशिक ने 22 वर्षीय युवती का सरेराह गला रेतकर कत्ल कर दिया. इस खौफनाक वारदात के तुरंत बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने कानून अपने हाथ में ले लिया. भाग रहे आरोपी को पकड़कर भीड़ ने पत्थरों से इस कदर पीटा कि अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.
जदचर्ला के एर्रासत्यम कॉलोनी की रहने वाली युवती एक निजी स्कूल में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थी. इससे पहले वह हैदराबाद के एक कॉलेज में कार्यरत थी, जहां उसकी जान-पहचान हैदराबाद के ही रहने वाले आरोपी तेजा (28) से हुई थी. तेजा पिछले काफी समय से युवती के सामने प्रेम का प्रस्ताव दे रहा था. लेकिन, युवती ने उसके प्रस्ताव को साफ ठुकरा दिया था. पुलिस के अनुसार, हाल ही में युवती की शादी कहीं और तय हो गई.
नाराज तेजा ने युवती को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली. शनिवार शाम को जब युवती काम खत्म करके अपने घर लौट रही थी, तभी घात लगाकर बैठे तेजा ने उसका पीछा किया. मौका मिलते ही उसने अपने पास रखे धारदार चाकू से गला रेत दिया. वह, बीच सड़क पर खून से लथपथ होकर तड़पने लगी. स्थानीय लोग तुरंत उसे सरकारी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जदचर्ला सर्कल इंस्पेक्टर कमलाकर ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजा ने मौके से भागने की कोशिश की. लेकिन चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जुट गये. उनलोगों ने पीछा करके तेजा को नसरुल्लाबाद रोड के पास दबोच लिया. गुस्सायी भीड़ ने आरोपी तेजा के हाथ-पैर बांध दिए और उस पर पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस सामूहिक पिटाई में तेजा को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं.
घटना की सूचना मिलते ही महबूबनगर पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में तेजा को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया. उसे तुरंत इलाज के लिए सरकारी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान रविवार सुबह उसकी भी मौत हो गई. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. युवती की हत्या के साथ-साथ आरोपी की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में भी जांच शुरू कर दी है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

