रांची 17 मई (आरएनएस)। जी ई एल चर्च कॉम्प्लेक्स में मॉर्निंग ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित पांचवें राहत इंदौरी बैडमिंटन टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। टूर्नामेंट की चर्चित जोड़ी डॉ. शेरान अली और उनके साथी अब्दुल खालिक नन्हू ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अनुभवी खिलाड़ी मकबूल अंसारी और युवा खिलाड़ी नसीम अख्तर की जोड़ी को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले की शुरुआत में डॉ. शेरान और नन्हू की जोड़ी पहले सेट में काफी पिछड़ गई थी। ऐसा लग रहा था कि मकबूल अंसारी और नसीम अख्तर आसानी से मुकाबला जीत लेंगे, लेकिन दूसरे सेट से मैच का पूरा रंग बदल गया। डॉ. शेरान अली ने अपने दमदार स्मैश, बेहतरीन तकनीक और आक्रामक खेल के दम पर शानदार वापसी की। वहीं नन्हू ने भी कोर्ट पर बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए विपक्षी टीम को संभलने का मौका नहीं दिया। दोनों ने लगातार दो सेट जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए सुबह छह बजे से ही खेल प्रेमियों का जी ई एल चर्च कॉम्प्लेक्स पहुंचना शुरू हो गया था। दर्शकों ने पूरे मैच के दौरान खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाया और हर शानदार शॉट पर तालियों की गूंज सुनाई दी।
विजेता टीम को टूर्नामेंट कमिटी के संयोजक अताउल रहमान ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक जय प्रकाश गुप्ता एवं समाजसेवी नफीसुल आब्दीन उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत मॉर्निंग ग्रुप के सरपरस्त मो. हलीमउद्दीन ने पुष्पगुच्छ देकर किया। मंच संचालन अध्यक्ष अकील उर रहमान ने किया। इस अवसर पर अब्दुल मन्नान, मोहम्मद ज़ैद, मो. जमील, नफीस अख्तर, शरफराज अहमद, इक़बाल अंसारी, कैसर आलम, इरशाद आलम, मोहम्मद आज़ाद, नौशाद खान, एजाज़ आलम, नेहाल अहमद, मोहम्मद शहाबुल, युनुस खान, अतीक अहमद कुस्सु, शमीम मुजीब, तौहीद अकरम, परवेज़ खान, कफिल खान, मो. साजिद, मोहम्मद नईम, हंजला, अफ़ान, अरहान, सोहेल सईद, अब्दुल रहमान सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे। टूर्नामेंट कमिटी के सह संयोजक मुस्तकिम आलम ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि राहत इंदौरी बैडमिंटन टूर्नामेंट अब शहर के खेल प्रेमियों के बीच एक लोकप्रिय आयोजन बन चुका है और आने वाले वर्षों में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

