लखीमपुर खीरी 18 may, (rns) . ईसानगर सड़क हादसे (Lakhimpur road accident) में 10 लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये के मुआवजे का एलान किया है. वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है. साथ ही अधिकारियों को परिजनों को हरसंभव मदद करने का निर्देश दिया है.
पीएमओ ने एक पोस्ट साझा किया है. जिसमें लिखा है कि ‘उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुए हादसे के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं. घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं. PMNRF से हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये की मदद दी जाएगी. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.
बता दें कि ईसानगर के उचगांव भरेहता रोड पर सिसैया के पास तेज रफ्तार ट्रक और सवारियों से भरी टाटा मैजिक की भिड़ंत हो गई. इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई. वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं. जानकारी के अनुसार टाटा मैजिक में 12 लोग सवार थे. जो लखीमपुर से ईसानगर की ओर जा रहे थे. इसी बीच सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टाटा मैजिक की टक्कर हो गई.
मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया. हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर लंबा जाम लगा रहा. हादसे के बाद पुलिस पुलिस ने नौ लोगों की मौत की पुष्टि की थी. हालांकि ये संख्या 10 हो चुकी है. वहीं चार घायल हैं. सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है. पुलिस मृतकों की पहचान करने और हादसे के कारणों की जांच कर रही है

